जीरकपुर: सैनी विहार फेज-3 में सोमवार देर रात एक बंद मकान को चोर ने निशाना बनाकर नकदी और सोने के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात मकान नंबर 1213 में हुई। घटना के समय घर का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोर रात करीब ढाई बजे मकान में दाखिल हुआ। उसने लगभग एक घंटे तक घर के कमरों और अलमारियों की तलाशी ली तथा वहां रखी नकदी और सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया। परिवार के सदस्यों के वापस लौटने पर घर का सामान बिखरा हुआ मिला और नकदी व गहने गायब थे।
घटना की सूचना क्षेत्र के पार्षद को दी गई। पार्षद ने मौके पर पुलिस को बुलाकर पूरी घटना से अवगत कराया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपित की पहचान की जा सके।
पार्षद ने बताया कि चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए एएसपी को भी लिखित शिकायत दी जा रही है। उन्होंने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और रात के समय संदिग्ध लोगों की जांच करने की मांग की है।
स्थानीय निवासियों ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि बंद मकानों को निशाना बनाए जाने से लोगों में असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपित को जल्द गिरफ्तार करने तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।