प्रारंभिक जांच में यूके में बैठे इकबाल सिंह उर्फ रवि धालीवाल का नाम आया सामने, पुलिस के अनुसार उसी के निर्देश पर मोगा सदर थाने पर ग्रेनेड हमला और फिरोजपुर-जम्मू ट्रेन में आईईडी विस्फोट की साजिश रची गई थी; पूरे नेटवर्क की तलाश में लगातार छापेमारी जारी।

मोहाली : पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकी साजिश का भंडाफोड़ किया है। मोगा पुलिस ने 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी), विस्फोटक सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर और मैगजीन सहित 9 एमएम की ग्लॉक पिस्टल बरामद की है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस साजिश का मास्टरमाइंड इकबाल सिंह उर्फ रवि धालीवाल है, जो फिलहाल ब्रिटेन (यूके) में रह रहा है और कथित तौर पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल है। पुलिस के मुताबिक, उसी के निर्देश पर आरोपियों ने मोगा के सदर थाना पर ग्रेनेड हमला किया था। इसके अलावा फिरोजपुर से जम्मू जाने वाली ट्रेन में आईईडी लगाकर बड़ा विस्फोट करने की भी साजिश रची गई थी।

पुलिस ने इस मामले में मोगा के सदर थाने में एफआईआर दर्ज की है। पंजाब पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पूरे आतंकी नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य आरोपियों व सहयोगियों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है।