समरदुंग में एनएचपीसी परियोजना की सुरंग दुर्घटना के बाद प्रधानमंत्री ने श्रमिकों और उनके परिवारों के प्रति जताई संवेदना; एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, प्रशासन और स्थानीय टीमें लगातार चला रहीं राहत-बचाव अभियान, अब तक सात लोगों की मौत

गंगटोक (Naren Danu) : सिक्किम के नाम्ची जिले के समरदुंग में एनएचपीसी की निर्माणाधीन तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुए हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बातचीत की। प्रधानमंत्री ने घटना की स्थिति और चल रहे राहत एवं बचाव अभियान की प्रगति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री तमांग ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे में प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया है।

तमांग ने कहा कि प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता और सहयोग की भावना ने इस मुश्किल समय में सिक्किम के लोगों को मजबूती दी है। उन्होंने केंद्र सरकार के समर्थन के लिए आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार बचाव अभियान को पूरी गंभीरता के साथ आगे बढ़ा रही है।

सुरंग में फंसे श्रमिकों की तलाश और राहत कार्य में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय लोग संयुक्त रूप से जुटे हुए हैं। बचाव दल लगातार प्रभावित क्षेत्र में अभियान चला रहे हैं।

गौरतलब है कि दक्षिण सिक्किम के समरदुंग स्थित एनएचपीसी तीस्ता स्टेज-6 परियोजना की सुरंग में गैस रिसाव और मलबा गिरने की घटना के बाद हादसा हुआ था। अब तक सात श्रमिकों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य प्रभावित लोगों की तलाश जारी है।