नई दिल्ली (Naren Danu) : दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प में घायल हुए 65 लोगों को राममनोहर लोहिया अस्पताल (आरएमएल) में भर्ती कराया गया है। घायलों में प्रदर्शनकारियों के अलावा कुछ पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
आरएमएल अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सोमवार शाम 7 बजे तक सर्जरी विभाग में कुल 65 मेडिको-लीगल केस (एमएलसी) दर्ज किए गए। सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है और चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान भूख हड़ताल पर बैठे 10 लोगों का भी मेडिकल परीक्षण किया गया है। सभी अनशनकारियों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों की जांच और उपचार की प्रक्रिया लगातार जारी है। अस्पताल में प्रदर्शन से जुड़े मरीजों का पहुंचना अभी भी जारी है।
प्रशासन ने बताया कि सभी मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार उन्हें चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।