मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और बेनिन के राजदूत एरिक जिन्सू के बीच हुई बैठक, लोकतांत्रिक संस्थाओं को सशक्त बनाने पर जोर

नई दिल्ली (Naren Danu) : भारत और अफ्रीकी देश बेनिन ने चुनाव प्रबंधन प्रणाली को बेहतर बनाने और निर्वाचन कर्मियों के प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन आयुक्त एवं इंटरनेशनल आइडिया की काउंसिल ऑफ मेंबर स्टेट्स के अध्यक्ष ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को भारत में बेनिन के राजदूत एरिक जीन-मैरी जिन्सू के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

निर्वाचन सदन में हुई इस बैठक में दोनों देशों ने चुनावी प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए आपसी अनुभव साझा करने पर चर्चा की। दोनों पक्षों ने वर्ष 2026 में आयोजित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्टोरल मैनेजमेंट (आईआईसीडीईएम) के दौरान तय किए गए सहयोग के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।

बैठक के दौरान चुनाव प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने, निर्वाचन प्रक्रिया में अपनाई जा रही बेहतर व्यवस्थाओं के आदान-प्रदान और चुनाव अधिकारियों की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों को विस्तार देने पर सहमति बनी।

ज्ञानेश कुमार और बेनिन के राजदूत ने लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने तथा निष्पक्ष एवं प्रभावी चुनावी व्यवस्था के लिए दोनों देशों के बीच सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

दोनों देशों के बीच यह सहयोग लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूत करने के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर चुनाव प्रबंधन के क्षेत्र में अनुभव साझा करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।