चंडीगढ़ (Naren Danu) : पंजाब की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। 'वारिस पंजाब दे' संगठन ने स्पष्ट किया है कि खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह वर्ष 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। संगठन के वरिष्ठ नेता एवं विधायक मनप्रीत सिंह अयाली ने सोमवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि पार्टी पहले ही अमृतपाल सिंह को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर चुकी है।
मनप्रीत अयाली ने कहा कि अमृतपाल सिंह ने अपनी इच्छा के बिना और जेल में रहते हुए भी लोकसभा चुनाव जीता था, जिससे स्पष्ट है कि उन्हें जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग अमृतपाल सिंह को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। हालांकि, वे किस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
अमृतपाल सिंह इस समय राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि यदि विधानसभा चुनाव तक उनकी रिहाई नहीं होती है तो वे 2024 के लोकसभा चुनाव की तरह इस बार भी जेल से ही चुनाव मैदान में उतरेंगे।
गौरतलब है कि अमृतपाल सिंह ने 2024 का लोकसभा चुनाव डिब्रूगढ़ जेल में रहते हुए खडूर साहिब संसदीय सीट से लड़ा था और बड़ी जीत दर्ज की थी। सांसद निर्वाचित होने के बावजूद वे अब तक लोकसभा की कार्यवाही में शामिल नहीं हो सके हैं। उन्हें केवल सांसद पद की शपथ दिलाने के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच दिल्ली लाया गया था, जिसके बाद उन्हें दोबारा डिब्रूगढ़ जेल भेज दिया गया।
पार्टी की इस घोषणा के बाद पंजाब की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में अमृतपाल सिंह की संभावित उम्मीदवारी और उन्हें मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाए जाने के फैसले को राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।