कुरुक्षेत्र में सांस्कृतिक समागम, तेलंगाना के छात्र-शिक्षकों का हुआ स्वागत ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम में दिखी विविधता में एकता की झलक

कुरुक्षेत्र (अश्विनी वालिया) : भारत सरकार के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत सांस्कृतिक आदान-प्रदान (कल्चरल एक्सचेंज) के तहत तेलंगाना से 40 सदस्यीय छात्र-शिक्षकों का दल हरियाणा भ्रमण पर कुरुक्षेत्र पहुंचा। इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के अधिकारियों द्वारा ब्रह्मसरोवर स्थित बोर्ड कार्यालय में दल का गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य अल्केश मोदगिल ने सभी अतिथियों को पटका पहनाकर सम्मानित किया तथा कुरुक्षेत्र की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया।

इस अवसर पर बताया गया कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ योजना के अंतर्गत हरियाणा का पार्टनर राज्य तेलंगाना है। इस योजना का उद्देश्य दोनों राज्यों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच सांस्कृतिक, भाषाई एवं सामाजिक समझ को मजबूत करना है। इसी क्रम में तेलंगाना से आए छात्र-शिक्षकों ने कुरुक्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया।

तेलंगाना से आए दल के नोडल अधिकारी जावेद ने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां उन्हें जो सम्मान और आत्मीयता मिली, वह अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना के सभी छात्र-शिक्षक हरियाणा के लोगों के स्नेह और आतिथ्य से अत्यंत प्रभावित हैं।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने ब्रह्मसरोवर की भव्यता, स्वच्छता एवं ऐतिहासिक महत्व को करीब से देखा। एशिया के सबसे बड़े सरोवर के रूप में प्रसिद्ध ब्रह्मसरोवर को देखकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली। साथ ही उन्होंने कुरुक्षेत्र की प्राचीन सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों का अवलोकन कर भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत को निकट से जाना।

इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ जैसी योजनाएं देश की विविध संस्कृतियों को जोड़ने और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।