लोक निवास में शिष्टाचार भेंट के दौरान सुशासन, जनकल्याण और राजधानी की विकास योजनाओं पर हुआ विचार-विमर्श

नई दिल्ली (Naren Danu) : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू से लोक निवास में शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान राजधानी के समग्र विकास, बेहतर प्रशासन और जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार दोनों नेताओं के बीच दिल्ली में विकास परियोजनाओं की गति, सुशासन को और प्रभावी बनाने, नागरिक सुविधाओं में सुधार तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन जैसे मुद्दों पर सकारात्मक संवाद हुआ।

बैठक में राजधानी के समावेशी विकास, प्रशासनिक समन्वय और आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी विचार-विमर्श किया गया। दोनों पक्षों ने दिल्ली के विकास को गति देने और जनहित के कार्यों में बेहतर तालमेल बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के सर्वांगीण विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। वहीं, उपराज्यपाल के साथ हुई यह मुलाकात सरकार और प्रशासन के बीच समन्वय को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।