नई दिल्ली (Naren Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय बायोलॉजी और केमिस्ट्री ओलंपियाड में पदक जीतने वाले भारतीय विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि को देश के लिए गर्व का विषय बताया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंचों पर भारतीय छात्रों का उत्कृष्ट प्रदर्शन विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में देश की बढ़ती क्षमता का प्रमाण है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि लिथुआनिया के विल्नियस में आयोजित 37वें इंटरनेशनल बायोलॉजी ओलंपियाड में भारतीय टीम के सभी चार सदस्यों ने पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की है। टीम ने एक स्वर्ण सहित सभी पदक अपने नाम किए। उन्होंने भव्य गुनवाल, सौमिल माइती, निशित कलानी और अनमोल कुमार को उनकी सफलता पर शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि भारतीय विद्यार्थियों ने मॉलिक्यूलर बायोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, एनिमल फिजियोलॉजी, एनिमल मॉर्फोलॉजी, सिस्टमैटिक्स और प्लांट कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी जैसे जटिल विषयों में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। यह उपलब्धि देश के अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
प्रधानमंत्री ने 58वें इंटरनेशनल केमिस्ट्री ओलंपियाड में भारत के प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने स्वर्ण पदक विजेता देबदत्ता प्रियदर्शी, हर्षित सिंघल, कबीर चिल्लर और संदीप कुची को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
उन्होंने कहा कि इन युवा प्रतिभाओं की मेहनत, समर्पण और वैज्ञानिक सोच ने देश का मान बढ़ाया है। प्रधानमंत्री के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय विद्यार्थियों की लगातार सफलता विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूत करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को विज्ञान और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देगी।