आंदोलनरत 5 युनियन सदस्यों के साथ एकदिवसीय सांकेतिक भूख हड़ताल में 20 अन्य कर्मचारी भी हुए शामिल

पानीपत (निर्मल सिंह विर्क): इंडियन ऑयल पानीपत रिफाइनरी कर्मचारी यूनियन और रिफाइनरी प्रशासनिक अधिकारियों के बीच कई दौर की बातचीत होने के बाद भी समस्याओं के समाधान पर सहमति न बनने के कारण तीसरे दिन भी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल और धरना प्रदर्शन कर रिफाइनरी प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। रविवार को भूख हड़ताल के तीसरे दिन कर्मचारी यूनियन के 5 लोग अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे रहे, जबकि 20 लोग एक दिवसीय भूख हड़ताल पर बैठे।

बता दें कि पानीपत रिफाइनरी कर्मचारी यूनियन अपनी मांगे मनवाने और समस्याओं के समाधान के लिए पिछले काफी समय से प्रधान संपूर्ण सिंह के नेतृत्व में विभिन्न तरीकों से रिफाइनरी प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। शुक्रवार से कर्मचारी यूनियन के 4 लोग प्रधान संपूर्ण सिंह ने नेतृत्व में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। परंतु शनिवार को यूनियन का 5वां सदस्य और भूख हड़ताल पर बैठ गया। जबकि तीसरे दिन रविवार को छुट्टी होने के कारण 20 लोग और एक दिवसीय भूख हड़ताल पर बैठे रहे।

भूख हड़ताल पर बैठे कर्मचारी यूनियन प्रधान संपूर्ण सिंह ने यूनियन सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि रिफाइनरी प्रशासन कि गलत नीतियों के कारण आज हमें भूख हड़ताल और प्रदर्शन का यह रास्ता अपनाना पड़ा है। जब तक हमारी मांगे नहीं मानी जाती हम भूख हड़ताल पर बैठे रहेंगे। वंही शनिवार से कर्मचारी यूनियन को ट्रेड यूनियन सीटू का भी साथ मिला है। बता दें कि कर्मचारी यूनियन के सदस्य रिफाइनरी टाउनशिप के गेट नंबर 2 के सामने भूख हड़ताल पर बैठे हैं।