चंडीगढ़ (Naren Danu) : पंजाब पुलिस ने राज्य में संगठित अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए गए 16 दिवसीय 'ऑपरेशन प्रहार-3.0' को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए गैंगस्टर नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। 'गैंग्स्टरां ते वार' अभियान के तहत पूरे राज्य में एक साथ चलाए गए इस विशेष अभियान में हजारों ठिकानों पर दबिश देकर बड़ी संख्या में अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि अभियान के दौरान प्रदेशभर में गैंगस्टरों, उनके सहयोगियों, नशा तस्करों और वांछित अपराधियों से जुड़े 5,448 ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में 10,401 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया, जबकि 958 एफआईआर दर्ज कर 1,520 लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई। इसके अलावा अपराध में इस्तेमाल किए जा रहे 262 वाहन भी जब्त किए गए।
विशेष डीजीपी (कानून-व्यवस्था) प्रवीण सिन्हा ने बताया कि अभियान के दौरान 3,949 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 42 गैंगस्टर और उनके सहयोगी, 1,201 नशा तस्कर, 119 घोषित अपराधी तथा 2,587 वांछित आरोपी शामिल हैं।
अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ और अवैध हथियार भी बरामद किए। पुलिस के अनुसार 10.47 किलोग्राम हेरोइन, 1.50 किलोग्राम अफीम, 30 किलोग्राम गांजा, 259 किलोग्राम पोस्त, 21,746 नशीली गोलियां-कैप्सूल, 646.25 लीटर लाहन और 1,243.5 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। इसके अलावा 12 अवैध हथियार, नशा तस्करी से जुड़े 4.03 लाख रुपये, चोरी के वाहन, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई।
पुलिस ने अभियान के दौरान रंगदारी वसूलने वाले गिरोहों, वाहन चोर गिरोहों, अवैध नशा मुक्ति केंद्रों, प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री करने वाले नेटवर्क और नकली शराब के कारोबार में शामिल कई गिरोहों का भी भंडाफोड़ किया।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि 'गैंग्स्टरां ते वार' एक निरंतर चलने वाला अभियान है और पंजाब को गैंगस्टर व संगठित अपराध मुक्त बनाने तक यह कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि गैंगस्टरों या संगठित अपराध से जुड़ी कोई भी सूचना एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गोपनीय रूप से साझा करें। साथ ही अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विभिन्न पुलिस इकाइयों की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले चरणों में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।