पेपर लीक, महंगी शिक्षा और छात्र आत्महत्या जैसे मुद्दों को बताया देश के भविष्य से जुड़ा

नई दिल्ली (Naren Danu) : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पर्यावरणविद् एवं लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाए जाने की कार्रवाई की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि छात्रों से जुड़े गंभीर मुद्दों को उठाने वाली आवाजों को दबाया नहीं जा सकता।

राहुल गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रश्नपत्र लीक, शिक्षा की बढ़ती लागत और छात्रों की आत्महत्या जैसे विषय देश के भविष्य से जुड़े हैं। इन मुद्दों पर आवाज उठाने वाले छात्रों और उनके समर्थकों को किसी भी तरह की कार्रवाई से रोका नहीं जा सकता।

उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अनशन कर रहे सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाना गलत है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार का रवैया असत्य और हिंसा पर आधारित है।

गौरतलब है कि सोनम वांगचुक पिछले 20 दिनों से जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे थे। शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने उनकी तबीयत बिगड़ने का हवाला देते हुए उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया था। पुलिस के अनुसार यह कदम दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देश और उनके गिरते स्वास्थ्य को देखते हुए उठाया गया।

वांगचुक प्रश्नपत्र लीक मामलों की जांच और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके समर्थकों ने इस कार्रवाई का विरोध किया है, जबकि प्रशासन ने इसे चिकित्सकीय जरूरत बताया है।