घायलों को मिलेंगे 50 हजार रुपये, प्रधानमंत्री ने हरसंभव मदद का दिया भरोसा

अहमदाबाद/नई दिल्ली (Naren Danu) : गुजरात के अहमदाबाद स्थित टैलेंट पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण अग्निकांड में हुई जनहानि पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं हादसे में घायल हुए लोगों को उपचार और राहत के लिए 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस दुखद घटना में स्थानीय प्रशासन पूरी तत्परता के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। उन्होंने प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि अहमदाबाद के वस्त्राल क्षेत्र स्थित पटाखा फैक्टरी में शनिवार दोपहर अचानक आग लग गई थी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद फायर ब्रिगेड और बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर राहत अभियान चलाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।