लाइसेंस रद्द होने के बाद भी चल रही थी फैक्टरी, संचालक के खिलाफ मामला दर्ज

अहमदाबाद (Naren Danu) : गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार दोपहर एक पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। वस्त्राल क्षेत्र के महमूदपुरा इलाके में स्थित टैलेंट पटाखा फैक्टरी में लगी आग में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे बचाव दल ने राहत अभियान चलाकर शवों और घायलों को बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, रामोल-गटराड रोड स्थित फैक्टरी में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया। धमाकों और आग की लपटों के कारण आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां, एंबुलेंस, असलाली मिनी फाइटर, गजराज और अन्य बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। फायरकर्मियों और पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और फैक्टरी के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।

गंभीर घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती

संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह राठौड़ ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। हादसे में घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को एलजी अस्पताल और चार लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का भी इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद अहमदाबाद के मेयर और नगर आयुक्त भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया।

लाइसेंस रद्द होने के बावजूद चल रही थी फैक्टरी

पुलिस जांच में सामने आया है कि फैक्टरी का संचालन मेहुल डोडिया नामक व्यक्ति कर रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि रामोल-गटराड रोड पर आरएएफ कैंप के पीछे खुले मैदान में शेड बनाकर पटाखा फैक्टरी संचालित की जा रही थी। उन्होंने बताया कि फैक्टरी का लाइसेंस पहले ही रद्द किया जा चुका था, इसके बावजूद यहां अवैध तरीके से पटाखों का निर्माण जारी था।

विस्फोटक अधिनियम के तहत जांच शुरू

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद रामोल थाना में विस्फोटक अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जांच की जा रही है।