ऋषिकेश-बद्रीनाथ और केदारनाथ हाईवे को जोड़ेगी नई सुरंग, 200 मीटर पुल भी जल्द होगा तैयार

देहरादून (Naren Danu) : उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। रुद्रप्रयाग जिले में ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग और केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने के लिए बनाई जा रही 900 मीटर लंबी सुरंग का निर्माण कार्य पूरा हो गया है।

इस परियोजना के तहत तैयार किया जा रहा 200 मीटर लंबा पुल भी अंतिम चरण में पहुंच गया है। अधिकारियों के अनुसार, पुल का निर्माण कार्य 31 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद इसकी मजबूती, सुरक्षा और तकनीकी मानकों की जांच के लिए परीक्षण और ट्रायल किए जाएंगे।

जाम से मिलेगी राहत, यात्रा होगी आसान

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि वर्तमान में रुद्रप्रयाग नगर क्षेत्र से होकर गुजरने वाले वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण अक्सर यातायात दबाव और जाम की स्थिति बनती है। नई सुरंग और पुल के शुरू होने के बाद वाहनों की आवाजाही बेहतर तरीके से संचालित हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से न केवल यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को भी रोजमर्रा के आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। नगर क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम होने से यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा।

चारधाम यात्रा के लिए अहम कड़ी

जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना केवल सड़क संपर्क सुधारने तक सीमित नहीं है, बल्कि चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम है। इसके शुरू होने के बाद बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं को अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।