देशभर के नागरिक ले सकेंगे हिस्सा, विजेता डिजाइन को मिलेगा आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर का दर्जा

नई दिल्ली (Naren Danu) : देश की सबसे पुरानी संचार सेवाओं में शामिल इंडिया पोस्ट अब अपनी पहचान को नए अंदाज में पेश करने की तैयारी में है। केंद्र सरकार ने डाक विभाग के लिए आधिकारिक शुभंकर (मैस्कॉट) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए देशभर के नागरिकों से रचनात्मक डिजाइन और नाम के सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।

केंद्रीय संचार मंत्रालय के अनुसार, ‘इनोवेट इंडिया मायगव’ प्लेटफॉर्म पर शुभंकर डिजाइन प्रतियोगिता शुरू की गई है। इसका उद्देश्य ऐसा आकर्षक और प्रभावी शुभंकर तैयार करना है, जो इंडिया पोस्ट की विश्वसनीयता, जनसेवा, डिजिटल बदलाव और आधुनिक कार्यप्रणाली को दर्शा सके।

15 जुलाई से 15 अगस्त तक भेजे जा सकेंगे डिजाइन

प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रतिभागियों को अपना मौलिक शुभंकर डिजाइन, उसका नाम और एक संक्षिप्त अवधारणा विवरण ऑनलाइन जमा करना होगा। प्रतियोगिता में देश का कोई भी नागरिक भाग ले सकता है।

डिजाइन और नाम के लिए अलग-अलग पुरस्कार

सरकार ने विजेता प्रतिभागियों के लिए नकद पुरस्कार भी घोषित किए हैं। शुभंकर डिजाइन श्रेणी में प्रथम पुरस्कार के रूप में 75 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये रखा गया है।

वहीं, शुभंकर के नाम चयन के लिए अलग पुरस्कार दिए जाएंगे। इसमें पहला पुरस्कार 25 हजार रुपये, दूसरा 15 हजार रुपये और तीसरा 10 हजार रुपये होगा। सभी विजेताओं को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

टिकट से लेकर सोशल मीडिया तक होगा इस्तेमाल

चयनित शुभंकर को इंडिया पोस्ट का आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा। इसका इस्तेमाल डाक विभाग के प्रचार अभियानों, डाक टिकटों, जन-जागरूकता कार्यक्रमों, प्रदर्शनियों, सोशल मीडिया और अन्य सरकारी संचार माध्यमों में किया जाएगा।

डाक विभाग ने छात्रों, डिजाइनरों, कलाकारों और रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े लोगों से इस पहल में भाग लेने की अपील की है। विभाग का कहना है कि यह प्रतियोगिता देश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी रचनात्मकता दिखाने का अवसर देगी और इंडिया पोस्ट को नई पहचान देने में मदद करेगी।