अशोकनगर रेलवे स्टेशन के नए स्वरूप का लोकार्पण, गांव सेमरी शाहबाद में चौपाल, स्कूल उन्नयन और सौर ऊर्जा परियोजनाओं का भी शुभारंभ

अशोकनगर (Naren Danu) : केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना देश के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप देने की एक बड़ी पहल है, जिसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आधुनिक रेलवे स्टेशन न केवल यात्रा अनुभव को बेहतर बनाएंगे, बल्कि स्थानीय विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी गति देंगे।

सिंधिया शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित अशोकनगर रेलवे स्टेशन के लोकार्पण समारोह में शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया, जिनमें अशोकनगर रेलवे स्टेशन भी शामिल रहा।

उन्होंने कहा कि नए स्वरूप में विकसित अशोकनगर रेलवे स्टेशन जिले की प्रगति का प्रतीक बनेगा। स्टेशन पर आधुनिक प्रतीक्षालय, आकर्षक भवन, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ परिसर, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं और डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।

समारोह के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को केंद्रीय मंत्री ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी, नगरपालिका अध्यक्ष नीरज मनोरिया, पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी, कलेक्टर साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

सेमरी शाहबाद में ग्राम चौपाल और आधुनिक स्कूल का उद्घाटन

इससे पहले केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने ग्राम सेमरी शाहबाद में 23.58 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन ग्राम चौपाल और शासकीय माध्यमिक विद्यालय के जीर्णोद्धार कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने विद्यालय में स्थापित 1.5 लाख रुपये की लागत वाले डिजिटल स्मार्ट बोर्ड तथा 5 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र का भी शुभारंभ किया।

सिंधिया ने कहा कि ग्राम चौपाल भारतीय ग्रामीण संस्कृति की पहचान रही है, जहां समाज के सभी वर्ग मिलकर गांव के विकास और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा करते थे। उन्होंने कहा कि नई चौपाल उसी परंपरा को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगी। विद्यालय में आधुनिक कक्षाओं, सौर ऊर्जा व्यवस्था और सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की सराहना करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से बेहतर शिक्षा के लिए इन सुविधाओं का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया।