लुधियाना (Naren Danu) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को लुधियाना में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब को तीव्र विकास, बेहतर अवसरों और सुशासन की जरूरत है और यह काम केवल भारतीय जनता पार्टी ही कर सकती है। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनता की सेवा के लिए ईमानदार नीयत जरूरी होती है, लेकिन वर्तमान सरकार में इसका अभाव है। उन्होंने AAP को 'कट्टर बेईमान पार्टी' करार देते हुए आरोप लगाया कि विज्ञापनों के सहारे जनता को गुमराह किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। व्यापारियों से खुलेआम फिरौती मांगी जा रही है, नशा तस्कर बेखौफ घूम रहे हैं और युवा नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार केंद्र से मिलने वाली धनराशि का सही उपयोग नहीं कर रही और पंजाब को कर्ज के बोझ तले धकेला जा रहा है।
मोदी ने कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस आंतरिक कलह में उलझी हुई है, जबकि पंजाब को स्थिर और दूरदर्शी नेतृत्व की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही राज्य को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने का विजन रखती है।
प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि दौलतपुर चौक-करतौली नई रेल लाइन, करतौली-अंबाला रेल सेवा, लुधियाना बाईपास तथा दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के एक हिस्से का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जालंधर कैंट सहित कई रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया गया है, जो आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित करते हैं।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने रेलवे के विकास की अनदेखी की, जबकि वर्तमान सरकार 1,300 से अधिक स्टेशनों का कायाकल्प कर रही है। प्रधानमंत्री ने बताया कि आदमपुर हवाई अड्डे का नाम श्री गुरु रविदास जी महाराज और चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा गया है।
युवाओं का आह्वान करते हुए मोदी ने कहा कि 'खेलो इंडिया' और नई खेल नीति नए अवसर लेकर आई है। उन्होंने जालंधर के खेल उद्योग की सराहना करते हुए वैश्विक बाजार में आगे बढ़ने का आह्वान किया। अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने सरदार तेजा सिंह समुंद्री की 100वीं शहादत वर्षगांठ पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन देशभक्ति और समाज सेवा की प्रेरणा देता है।