नई दिल्ली (Naren Danu) : दिल्ली सरकार ने राजधानी में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए 45 नए आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर जनता को समर्पित किए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को शकूरपुर से इन स्वास्थ्य केंद्रों का उद्घाटन किया और कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक उसके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में अब 415 से अधिक आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर संचालित हो रहे हैं। सरकार का लक्ष्य जल्द ही इनकी संख्या बढ़ाकर 1,100 से अधिक करने का है, ताकि राजधानी के सभी क्षेत्रों में लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि इन स्वास्थ्य केंद्रों पर सामान्य ओपीडी, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, आवश्यक दवाइयों के साथ 80 प्रकार की जांच निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे लोगों को छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूर अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
कार्यक्रम में विधायक तिलक राम गुप्ता, नगर निगम पार्षद किशन लाल, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय खटाना सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।