नई दिल्ली (Naren Danu) : केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग (एनसीएम) के पुनर्गठन की घोषणा करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता हरजीत सिंह ग्रेवाल को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। सरकार ने एस. मुनावरी बेगम को उपाध्यक्ष तथा ग्लेन ई. सूज टिकलो को आयोग का सदस्य नामित किया है।
अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार तीनों नियुक्तियां राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग अधिनियम, 1992 के तहत की गई हैं। ये नियुक्तियां कार्यभार संभालने की तिथि से लागू होंगी और इनका कार्यकाल तीन वर्ष या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, रहेगा।
हरजीत सिंह ग्रेवाल लंबे समय से पंजाब की राजनीति में सक्रिय हैं और भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख सिख चेहरों में गिने जाते हैं। वे पंजाब खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के पूर्व चेयरमैन रह चुके हैं। वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके ग्रेवाल किसान आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार और किसान संगठनों के बीच संवाद प्रक्रिया में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं।
सरकार की इस नियुक्ति को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग में नए नेतृत्व के रूप में देखा जा रहा है। आयोग देश के अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े अधिकारों, शिकायतों और कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी तथा सरकार को सुझाव देने का कार्य करता है।