भोपाल (Naren Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। इनमें मध्य प्रदेश के 13 रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के सांची, विदिशा, अशोकनगर और शिवपुरी सहित प्रदेश के 13 स्टेशनों का आधुनिक स्वरूप में पुनर्विकास किया गया है। इन स्टेशनों को अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं, डिजिटल सूचना प्रणाली, दिव्यांगजन अनुकूल अधोसंरचना, आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर पार्किंग, स्वच्छ शौचालय, पेयजल और ऊर्जा दक्ष एलईडी प्रकाश व्यवस्था से सुसज्जित किया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार दोपहर 2 बजे से स्टेशन परिसरों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों की मौजूदगी में सांस्कृतिक कार्यक्रम, लघु फिल्म प्रदर्शन और सम्मान समारोह आयोजित होंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री अपराह्न 3:40 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इन स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे।
देशभर में लगभग 1,570 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इन स्टेशनों को स्थानीय संस्कृति और विरासत की झलक के साथ आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। मध्य प्रदेश के स्टेशनों के पुनर्विकास में भी स्थानीय स्थापत्य और सांस्कृतिक पहचान को विशेष महत्व दिया गया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव टीकमगढ़ जिले में 189 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। इनमें जतारा और बड़ागांव धसान के सांदीपनि विद्यालयों का उद्घाटन, खरगापुर सांदीपनि विद्यालय का भूमिपूजन तथा अन्य अधोसंरचना एवं जनहित परियोजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किए जाएंगे।