नई दिल्ली/भोपाल (Naren Danu) : मध्य प्रदेश को भारत टेक्स-2026 और नई दिल्ली में आयोजित 'इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्य प्रदेश' के दौरान कुल ₹20,193 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन निवेशों से प्रदेश में लगभग 27,592 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश देश का तेजी से उभरता औद्योगिक और टेक्सटाइल हब बन रहा है। उन्होंने निवेशकों को जनवरी 2027 में आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS-2027) में भाग लेने का आमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि राज्य निवेशकों को अनुकूल नीतियां, मजबूत आधारभूत संरचना, कुशल मानव संसाधन और त्वरित प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध करा रहा है।
टेक्सटाइल क्षेत्र में ₹1,592 करोड़ का निवेश
भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स-2026 के दौरान वस्त्र एवं परिधान उद्योग, पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क, तकनीकी वस्त्र, निर्यात संवर्धन और कौशल विकास जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इस आयोजन में टेक्सटाइल क्षेत्र के लिए ₹1,592 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले, जिनसे करीब 15,700 रोजगार सृजित होने का अनुमान है।
दिल्ली निवेश संवाद में ₹18,601 करोड़ के प्रस्ताव
इंटरैक्टिव सेशन में रक्षा, डेटा सेंटर, आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, नवीकरणीय ऊर्जा, इंजीनियरिंग, खिलौना उद्योग और खाद्य प्रसंस्करण समेत कई क्षेत्रों में ₹18,601 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। इन परियोजनाओं से लगभग 11,892 रोजगार मिलने की संभावना है।
सात अहम एमओयू पर हस्ताक्षर
कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) ने निर्यात संवर्धन, ई-कॉमर्स, एमएसएमई और वैश्विक व्यापार सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सात महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इनमें फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन्स, एसोचैम, अमेज़न ग्लोबल सेलिंग, पीआईओसीसीआई तथा विभिन्न टेक्सटाइल निर्यात परिषदों के साथ साझेदारी शामिल है।
निवेशकों को दी सुविधाओं की जानकारी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में पांच लाख किलोमीटर से अधिक सड़क नेटवर्क, मजबूत रेल संपर्क, आठ संचालित हवाई अड्डे, छह अंतर्देशीय कंटेनर डिपो, औद्योगिक कॉरिडोर, ग्रीन कॉरिडोर और आधुनिक औद्योगिक ढांचा उपलब्ध है। राज्य में सवा लाख एकड़ से अधिक लैंड बैंक, पर्याप्त बिजली-पानी और प्लग एंड प्ले औद्योगिक पार्क जैसी सुविधाएं निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रीलंका, ब्राजील, रूस, फ्रांस और इटली सहित कई देशों के प्रतिनिधियों तथा प्रमुख उद्योग समूहों के साथ अलग-अलग बैठकें कर निवेश, टेक्सटाइल, एयरोस्पेस, ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण, डिजिटल तकनीक और औद्योगिक सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में संभावनाओं पर चर्चा की।