1994 बैच के आईपीएस अधिकारी संभालेंगे राजधानी की कानून-व्यवस्था, सतीश गोलचा करेंगे नई तैनाती का इंतजार

नई दिल्ली (Naren Danu) : केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 1994 बैच के एजीएमयूटी कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस का नया आयुक्त नियुक्त किया है। गृह मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी आदेश के अनुसार उनकी नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी और अगले आदेश तक वे इस पद पर बने रहेंगे।

मंत्रालय के आदेश के मुताबिक वर्तमान पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा (1992 बैच, एजीएमयूटी कैडर) नए पुलिस आयुक्त के कार्यभार संभालने के बाद आगे की तैनाती के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल के समक्ष रिपोर्ट करेंगे।

राजधानी की कानून-व्यवस्था के लिहाज से इस नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अनुराग कुमार ऐसे समय दिल्ली पुलिस की कमान संभालेंगे, जब साइबर अपराध, संगठित अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, महिलाओं की सुरक्षा और यातायात प्रबंधन जैसी चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं।

गृह मंत्रालय के आदेश के बाद दिल्ली पुलिस मुख्यालय में नए नेतृत्व के स्वागत और कार्यभार हस्तांतरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रशासनिक हलकों में उम्मीद जताई जा रही है कि नए पुलिस आयुक्त आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान देंगे।