सुबह 9:15 बजे जालंधर से होगी रवाना, शाम 5 बजे पहुंचेगी कटरा; किराया 945 रुपये, पहले दिन 20 यात्रियों ने किया सफर

जालंधर (Naren Danu) : वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों के लिए पंजाब सरकार ने जालंधर से कटरा तक सीधी वोल्वो बस सेवा शुरू कर दी है। नई बस सेवा के शुरू होने से यात्रियों को अब आरामदायक और बिना बस बदलने के सफर की सुविधा मिलेगी।

पंजाब रोडवेज की यह वोल्वो बस प्रतिदिन सुबह 9:15 बजे जालंधर बस स्टैंड से रवाना होगी और शाम 5 बजे कटरा पहुंचेगी। कटरा तक का किराया 945 रुपये निर्धारित किया गया है।

जालंधर बस स्टैंड के महाप्रबंधक (जीएम) मनिंदर पाल सिंह ने बताया कि लंबे समय से यात्रियों और वैष्णो देवी श्रद्धालुओं की ओर से जालंधर से सीधी वोल्वो सेवा शुरू करने की मांग की जा रही थी। इसी मांग को देखते हुए विभाग ने यह नई सुविधा शुरू की है।

उन्होंने बताया कि बस टांडा, दसूहा, मुकेरियां, पठानकोट और जम्मू होते हुए कटरा पहुंचेगी। वापसी में भी बस इन्हीं प्रमुख स्टॉपेज पर रुकेगी, जिससे रास्ते के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।

रोडवेज अधिकारियों के अनुसार सेवा के पहले ही दिन 20 यात्रियों ने इस बस से सफर किया। विभाग को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या बढ़ेगी। यदि लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिलता है तो भविष्य में इस रूट पर अतिरिक्त वोल्वो बसें भी चलाई जा सकती हैं।

जीएम ने बताया कि इस सेवा को पिछले सप्ताह ही मंजूरी मिल गई थी, लेकिन कटरा में समय निर्धारण से जुड़ी औपचारिकताओं के कारण शुरुआत में कुछ देरी हुई। अब बस नियमित रूप से निर्धारित समय पर संचालित होगी।