जालंधर (Naren Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जालंधर दौरे को लेकर पंजाब पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (एनएच-44) पर दोपहर से शाम तक विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी लागू रहेगी।
विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रवीण कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री दोपहर करीब 3:40 बजे जालंधर पहुंचेंगे और लगभग डेढ़ घंटे तक शहर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल रहेंगे। कार्यक्रम स्थल राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट होने के कारण सुरक्षा एजेंसियों ने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष योजना तैयार की है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच लुधियाना, जालंधर, अमृतसर और पठानकोट को जोड़ने वाले एनएच-44 पर अनावश्यक यात्रा से बचें। यदि यात्रा जरूरी हो तो लोग अपना समय बदलें या निर्धारित अवधि से पहले अथवा बाद में सफर करें।
अधिकारियों के अनुसार पूरे हाईवे पर यातायात पूरी तरह बंद नहीं किया जाएगा। वाहनों को विभिन्न स्थानों से वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। इसके लिए प्रमुख चौराहों और डायवर्जन प्वाइंट्स पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जो यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों की जानकारी देगा।
प्रधानमंत्री का कार्यक्रम रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित होने के कारण कुछ रेल सेवाओं पर भी अस्थायी असर पड़ सकता है। रेलवे यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी ट्रेन से संबंधित ताजा जानकारी और रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें। अधिकारियों के अनुसार रेल संचालन से जुड़ी विस्तृत एडवाइजरी जल्द जारी की जा सकती है।