स्वास्थ्य का हवाला देते हुए कांग्रेस महासचिव ने की अनशन समाप्त करने की अपील; शिक्षा व्यवस्था और नीट विवाद पर सरकार को घेरने का दोहराया संकल्प

नई दिल्ली (Naren Danu) : कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर अनशन कर रहे लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपना अनशन समाप्त करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कांग्रेस आगे भी लगातार उठाती रहेगी।

वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी बयान में कहा कि सोनम वांगचुक पिछले 19 दिनों से केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर अनशन पर हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस भी पिछले डेढ़ महीने से इसी मुद्दे को लेकर सरकार को घेर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में आई कथित विफलताओं और सरकार की जवाबदेही की कमी को लेकर जो चिंता वांगचुक जता रहे हैं, वही चिंता कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की भी है। उनके अनुसार, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना समय की जरूरत है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखेगी और शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय करने की मांग संसद से लेकर सड़क तक उठाती रहेगी। हालांकि उन्होंने सोनम वांगचुक से आग्रह किया कि स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए वे अपना अनशन समाप्त करें।