शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू; मेरिट के आधार पर मिलेगा दाखिला, अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए 25% अतिरिक्त सीटें

नई दिल्ली (Naren Danu) : गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अंतरराष्ट्रीय छात्रों के प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय ने विदेशी विद्यार्थियों के लिए एडमिशन ब्रोशर जारी करते हुए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) महेश वर्मा ने गुरुवार को प्रवेश पुस्तिका का विमोचन किया। इस अवसर पर इंडियन एकेडमी ऑफ मैनेजमेंट के अध्यक्ष एवं फ्रांस के ईएससीई पेरिस के प्रो. विजय पेरेईरा सहित कई शिक्षाविद मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वैश्विक शैक्षणिक सहयोग और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को मजबूत बनाने पर भी चर्चा की गई।

कुलपति ने बताया कि विदेशी छात्रों को प्रवेश पूरी तरह योग्यता परीक्षा की मेरिट के आधार पर दिया जाएगा। सबसे पहले भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) की फेलोशिप के तहत आवेदन करने वाले छात्रों को प्राथमिकता मिलेगी, जबकि इसके बाद अन्य अंतरराष्ट्रीय आवेदकों को प्रवेश दिया जाएगा।

विश्वविद्यालय ने बताया कि विभिन्न स्कूलों और संबद्ध संस्थानों में संचालित चयनित पाठ्यक्रमों में विदेशी छात्रों के लिए 25 प्रतिशत अतिरिक्त सीटों का प्रावधान किया गया है, ताकि अधिक से अधिक अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का अवसर मिल सके।

आईपी यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इच्छुक विदेशी छात्रों से अपील की है कि वे 20 जुलाई तक आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन अंतरराष्ट्रीय मामलों के निदेशालय में जमा करें। कार्यक्रम में योत्ता फाउंडेशन के प्रो. योगेश कोचर और विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय मामलों के निदेशक प्रो. गगन दीप शर्मा भी उपस्थित रहे।