अजमेर (Naren Danu) : राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) ने सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) प्रारंभिक परीक्षा-2026 तथा निरीक्षक कारखाना एवं बॉयलर्स एवं निरीक्षक कारखाना (केमिकल) परीक्षा-2025 के अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में संशोधन का एक और अवसर दिया है। अभ्यर्थी 18 से 24 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपने आवेदन में आवश्यक बदलाव कर सकेंगे।
आयोग के अनुसार, इस अवधि में उम्मीदवार नाम, पिता का नाम, फोटो, जन्मतिथि और जेंडर को छोड़कर अन्य विवरणों में संशोधन कर सकते हैं। संशोधन प्रक्रिया और दिशा-निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।
आरपीएससी सचिव ने बताया कि सहायक अभियोजन अधिकारी प्रारंभिक परीक्षा 2 सितंबर 2026 को आयोजित होगी, जबकि निरीक्षक कारखाना एवं बॉयलर्स तथा निरीक्षक कारखाना (केमिकल) परीक्षा 19 सितंबर 2026 को होगी। परीक्षाओं के विज्ञापन में निर्धारित शर्तों के अनुसार ही संशोधन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
आयोग ने अभ्यर्थियों को चेतावनी दी है कि गलत या भ्रामक जानकारी देकर आवेदन करना तथा पात्रता नहीं होने के बावजूद आवेदन वापस नहीं लेना भारतीय न्याय संहिता की धारा 217 के तहत दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में दस्तावेज सत्यापन, काउंसलिंग या साक्षात्कार के दौरान अपात्र पाए जाने पर अभ्यर्थी को एक वर्ष तक आयोग की भर्ती परीक्षाओं से वंचित किया जा सकता है।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि जो अभ्यर्थी अपनी पात्रता को लेकर आश्वस्त नहीं हैं, वे 18 से 24 जुलाई के बीच एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर ‘माय रिक्रूटमेंट’ सेक्शन में उपलब्ध Withdraw विकल्प के माध्यम से अपना आवेदन ऑनलाइन वापस भी ले सकते हैं।