सरकारी योजनाओं का रिपोर्ट कार्ड पेश किया, शिक्षा-स्वास्थ्य, मुफ्त बिजली, रोजगार और किसानों के लिए उठाए गए कदम गिनाए; बेअदबी के दोषियों पर सख्त कार्रवाई का दोहराया भरोसा

मुकेरियां (Naren Danu) : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मुकेरियां में आयोजित जनसभा से अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष, खासकर कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार का उद्देश्य सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि पंजाब को हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, रोजगार और किसानों के हित में किए गए फैसलों का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने दावा किया कि 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है, 68 हजार से ज्यादा युवाओं को बिना सिफारिश सरकारी नौकरियां दी गई हैं और किसानों को धान सीजन के दौरान दिन में आठ घंटे से अधिक निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।

स्वास्थ्य क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत राज्य के 65 लाख परिवारों को 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा दी जा रही है। अब तक 30 लाख से अधिक हेल्थ कार्ड जारी किए जा चुके हैं और योजना के तहत करीब 650 करोड़ रुपये का मुफ्त इलाज कराया जा चुका है।

शिक्षा व्यवस्था पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों के आधुनिकीकरण, स्मार्ट कक्षाओं और शिक्षकों के प्रशिक्षण के कारण पंजाब ने प्राथमिक और मिडिल स्कूल शिक्षा में देश में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा में निवेश भविष्य निर्माण की सबसे बड़ी कुंजी है।

महिलाओं के लिए चलाई जा रही 'मांवां-धीयां सत्कार योजना' का जिक्र करते हुए मान ने कहा कि पात्र महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो महिलाएं अभी तक पंजीकरण नहीं करा सकीं, उन्हें भी आगामी चरण में योजना का लाभ मिलेगा।

राजनीतिक हमलों के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष जनता की समस्याओं से ज्यादा मुख्यमंत्री पद की दौड़ में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने से पहले ही कांग्रेस नेता मुख्यमंत्री बनने की लड़ाई लड़ रहे हैं, जबकि जनता विकास और सुशासन चाहती है।

शिरोमणि अकाली दल पर निशाना साधते हुए मान ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में पंजाब में नशे और गैंगस्टरवाद को बढ़ावा मिला। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता अब पुरानी राजनीति से आगे बढ़ चुकी है।

श्री गुरु साहिब की बेअदबी के मामलों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने लोगों से सरकार पर भरोसा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पंजाब को विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और पारदर्शी शासन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार लगातार काम करती रहेगी।