उत्तरकाशी (Naren Danu) : उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिल्क्यारा टनल में देर रात हुए हादसे में एक श्रमिक की जान चली गई। सुरंग के भीतर कंक्रीट लाइनिंग का हिस्सा अचानक भरभराकर गिरने से झारखंड निवासी 21 वर्षीय युवक इसकी चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अधिकारियों के अनुसार, हादसा बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब दो बजे बड़कोट छोर से लगभग 900 मीटर अंदर हुआ। घटना के तुरंत बाद निर्माण स्थल पर मौजूद टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और कुछ ही देर में श्रमिक के शव को बाहर निकाल लिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुरंग की शॉटक्रीट लाइनिंग का एक ब्लॉक टूटकर गिरा था। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है। प्रशासन भी अलग से पूरे मामले की पड़ताल कर रहा है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने घटना को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी बड़कोट को तत्काल घटनास्थल पर भेजा। उन्होंने निर्माण एजेंसी द्वारा अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों की समीक्षा, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच और विस्तृत रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने मृतक के परिजनों को सूचना देने के साथ हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं सुरंग में कार्यरत अन्य श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था का भी नए सिरे से आकलन किया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।