भोपाल (Naren Danu) : नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स 2026 के दूसरे दिन मध्य प्रदेश ने वस्त्र एवं परिधान उद्योग में निवेश के लिए खुद को एक प्रमुख गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। राज्य के धार स्थित पीएम मित्र पार्क, एकीकृत टेक्सटाइल वैल्यू चेन और निवेश-अनुकूल औद्योगिक नीतियों ने देश-विदेश के निवेशकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
14 से 17 जुलाई तक चल रहे इस वैश्विक टेक्सटाइल आयोजन में मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) के अधिकारियों ने निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ कई दौर की बैठकें कीं। इन बैठकों में राज्य की टेक्सटाइल एवं परिधान नीति, विश्वस्तरीय औद्योगिक अधोसंरचना, उपलब्ध औद्योगिक भूमि, वित्तीय प्रोत्साहन और तेजी से उद्योग स्थापित करने की सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कई कंपनियों ने पीएम मित्र पार्क और प्रदेश के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर सकारात्मक रुचि दिखाई।
राज्य सरकार ने निवेशकों के समक्ष अपने सतत औद्योगिक विकास मॉडल को भी प्रमुखता से रखा। अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण, जीरो लिक्विड डिस्चार्ज (जेडएलडी) प्रणाली, संसाधनों के कुशल उपयोग और पर्यावरण-अनुकूल विनिर्माण जैसी पहलों को वैश्विक ईएसजी मानकों के अनुरूप बताते हुए उद्योगों के लिए दीर्घकालिक अवसरों पर जोर दिया गया।
जनसंपर्क अधिकारी संजय सक्सेना ने बताया कि टेक्सटाइल, तकनीकी वस्त्र, परिधान, रीसाइक्लिंग और टेक्सटाइल मशीनरी से जुड़े उद्योग प्रतिनिधियों ने मध्य प्रदेश के एकीकृत औद्योगिक इकोसिस्टम की सराहना की। उन्होंने माना कि राज्य में कच्चे रेशे से लेकर तैयार परिधान और मूल्यवर्धित उत्पादों तक पूरी टेक्सटाइल वैल्यू चेन विकसित करने की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।
बैठकों में भारत के विभिन्न देशों के साथ हो रहे मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) से खुल रहे निर्यात अवसरों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि पीएम मित्र पार्क, आधुनिक विनिर्माण सुविधाएं और एकीकृत टेक्सटाइल इकोसिस्टम मध्य प्रदेश को वैश्विक बाजारों में प्रतिस्पर्धी बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
मध्य प्रदेश ने निवेशकों को राज्य के विकसित हो रहे वस्त्र एवं परिधान उद्योग का भागीदार बनने का आमंत्रण दिया। भारत टेक्स 2026 में आने वाले उद्योग प्रतिनिधि 17 जुलाई तक हॉल-11, स्टॉल ए-3 स्थित मध्य प्रदेश पवेलियन में राज्य की निवेश संभावनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।