नई दिल्ली (Naren Danu) : भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) बुधवार रात 9 बजे से अपनी नई वेबसाइट का बीटा संस्करण आम यात्रियों के लिए जारी करेगा। यात्री नई वेबसाइट का उपयोग कर इसके डिजाइन और नई सुविधाओं का अनुभव ले सकेंगे तथा अपने सुझाव भी दे सकेंगे, जिन्हें अंतिम संस्करण में शामिल किया जाएगा।
रेल मंत्रालय के अनुसार बीटा वेबसाइट तक पहुंच मौजूदा आईआरसीटीसी वेबसाइट के होमपेज से भी उपलब्ध होगी। नई वेबसाइट को अधिक आधुनिक, तेज और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने के लिए कई बदलाव किए गए हैं। इनमें से कई सुझाव मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी), जयपुर के छात्रों ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ हुई चर्चा के दौरान दिए थे।
बुकिंग प्रक्रिया होगी आसान
नई वेबसाइट में टिकट बुकिंग को पहले से अधिक सरल बनाया गया है। अनावश्यक कैप्चा, पॉप-अप और अतिरिक्त ग्राफिक्स हटाए गए हैं, जिससे वेबसाइट तेज़ी से काम करेगी। इसके अलावा सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक साथ दिखाई देगी और चेकआउट प्रक्रिया को भी कम चरणों में पूरा किया जा सकेगा।
यात्रियों के लिए सहेजे गए यात्री विवरण (Saved Passenger List) का उपयोग कर बार-बार टिकट बुक करना भी पहले की तुलना में अधिक आसान होगा।
रोजाना 14.5 लाख टिकटों की बुकिंग
आईआरसीटीसी की वेबसाइट वर्ष 2002 में शुरू हुई थी और वर्तमान में इस पर प्रतिदिन औसतन 14.5 लाख रेलवे टिकट बुक किए जाते हैं। मंत्रालय का कहना है कि नई वेबसाइट यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के साथ अधिक ट्रैफिक संभालने में भी सक्षम होगी।
जल्द जुड़ेगा नया रिजर्वेशन सिस्टम
रेल मंत्रालय ने बताया कि आने वाले कुछ सप्ताह में नई वेबसाइट को आधुनिक यात्री आरक्षण इंजन (Passenger Reservation System) से भी जोड़ा जाएगा। पुराने आरक्षण सिस्टम का चरणबद्ध तरीके से आधुनिकीकरण किया जा रहा है ताकि टिकट बुकिंग सेवा प्रभावित न हो।
मंत्रालय ने यात्रियों से नई वेबसाइट का उपयोग कर अपनी प्रतिक्रिया और सुझाव साझा करने की अपील की है, जिससे अंतिम संस्करण को और अधिक तेज, सुविधाजनक और उपयोगकर्ता-केंद्रित बनाया जा सके।