देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी, रेल, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र की कई परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास

नई दिल्ली (Naren Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह करीब 26,770 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन चालित यात्री ट्रेन होगी, जिसे प्रधानमंत्री हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से रवाना करेंगे।

देश को मिलेगी पहली हाइड्रोजन ट्रेन

प्रधानमंत्री सुबह जींद-सोनीपत रूट पर स्वदेशी तकनीक से विकसित हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। 10 कोच वाली यह ट्रेन हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक पर आधारित है, जिसमें हाइड्रोजन से बिजली बनाकर ट्रेन चलाई जाती है। इस प्रक्रिया में केवल जलवाष्प उत्सर्जित होती है, जिससे कार्बन उत्सर्जन शून्य रहता है। 3,200 हॉर्स पावर क्षमता वाली यह ट्रेन दुनिया की सबसे लंबी और शक्तिशाली हाइड्रोजन यात्री ट्रेनों में शामिल मानी जा रही है।

हरियाणा को 14,700 करोड़ की परियोजनाएं

जींद के एकलव्य स्टेडियम में प्रधानमंत्री करीब 14,700 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के पांच पैकेज, अंबाला-काला अंब राष्ट्रीय राजमार्ग, जींद-गोहाना ग्रीनफील्ड हाईवे तथा हांसी-बरवाला हाईवे परियोजना शामिल हैं।

इसके अलावा कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, भिवानी और नारनौल के नए मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन तथा कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखी जाएगी।

चंडीगढ़ में स्वास्थ्य और सड़क परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार

चंडीगढ़ में प्रधानमंत्री 6,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। पीजीआईएमईआर में एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर और एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर का उद्घाटन किया जाएगा, जबकि 150 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक की आधारशिला रखी जाएगी।

इसके साथ ही पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज, सरकारी कॉलेज सेक्टर-46 के छात्रावास और आईटी सिटी-कुराली ग्रीनफील्ड हाईवे, जीरकपुर बाईपास तथा पीआर-7 स्पर कॉरिडोर जैसी सड़क परियोजनाओं की भी शुरुआत होगी।

पंजाब में रेलवे और सड़क परियोजनाओं की सौगात

दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री जालंधर पहुंचकर 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। वह अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश के 20 राज्यों के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे।

इसके अलावा करीब 830 करोड़ रुपये की लागत से तैयार दौलतपुर चौक-करतोली नई रेल लाइन का उद्घाटन करेंगे, जिससे पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। यह रेल लाइन श्री आनंदपुर साहिब और माता चिंतपूर्णी मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी।

प्रधानमंत्री करतोली-अंबाला रेल सेवा और अमृतसर (छेहरटा)-वाराणसी रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे। साथ ही दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के एक अन्य पैकेज का उद्घाटन तथा लुधियाना दक्षिणी ग्रीनफील्ड बाईपास का शिलान्यास करेंगे।