मान सरकार की बड़ी घोषणा, गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व पर राज्यभर में विशेष कार्यक्रम

चंडीगढ़ (Naren Danu) : पंजाब सरकार संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व पूरे वर्ष राज्यभर में भव्य स्तर पर मनाएगी। पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि इस अवसर पर धार्मिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकार ने इन आयोजनों के लिए 80 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त धन उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया है।

मंत्री ने बताया कि जुलाई से नवंबर तक विश्वविद्यालयों में सेमिनार और कार्यशालाएं आयोजित होंगी, जबकि 13 हजार से अधिक गांवों में श्री गुरु रविदास जी के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। स्कूलों में प्रतियोगिताएं, जिलों में कीर्तन समारोह, विधानसभा क्षेत्रों में ड्रोन शो, 650 'गुरु रविदास बगीचियां', 6.50 लाख पौधारोपण, 'रन फॉर इक्वैलिटी' मैराथन, साइकिल रैलियां और 6.50 लाख स्मारक झंडों का वितरण भी कार्यक्रमों का हिस्सा होगा।

5 से 8 अक्टूबर तक वाराणसी, फरीदकोट, बठिंडा और जम्मू से चार शोभा यात्राएं खुरालगढ़ पहुंचेंगी। इसके बाद 9 से 11 अक्टूबर तक खुरालगढ़ में राज्य स्तरीय तीन दिवसीय मुख्य समारोह आयोजित होगा, जिसमें कथा-कीर्तन, संत सम्मेलन, गुरु रविदास जी की वाणी पर सम्मेलन, प्रदर्शनी, 3डी प्रोजेक्शन और ड्रोन शो प्रमुख आकर्षण होंगे।

मंत्री ने कहा कि इन आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी को श्री गुरु रविदास जी के समानता, सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और मानवीय गरिमा के संदेश से जोड़ना है। सरकार आधुनिक तकनीक और व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से उनकी शिक्षाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।