पौंग डैम का किया निरीक्षण, बोले- पिछले साल से कम है जलस्तर; संवेदनशील क्षेत्रों में 24 घंटे निगरानी के निर्देश

चंडीगढ़/तलवाड़ा (Naren Danu) : पंजाब सरकार ने मानसून सीजन के दौरान संभावित बाढ़ से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने पौंग डैम का निरीक्षण करने के बाद कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार ने लोगों की जान-माल, कृषि भूमि और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा के लिए मजबूत निगरानी एवं बाढ़ प्रबंधन व्यवस्था लागू की है।

पौंग डैम में जलस्तर का जायजा लेने के बाद मंत्री ने बताया कि वर्तमान में डैम का जलस्तर 1322 फीट है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 1328 फीट था। उन्होंने कहा कि इस बार पानी का स्तर अपेक्षाकृत कम है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

बरिंदर गोयल ने बताया कि मानसून के मद्देनजर पूरे राज्य में ड्रेनों की सफाई, बांधों को मजबूत और ऊंचा करने, बोल्डर स्टोन एवं हाइब्रिड सुरक्षा कार्य, फ्लड कंट्रोल गेटों के संचालन और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नदियों, ड्रेनों, तटबंधों और बाढ़ सुरक्षा ढांचे पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा जहां भी कोई कमी दिखाई दे, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जल संसाधन मंत्री के अनुसार राज्य में अब तक 101 बोल्डर स्टोन एवं हाइब्रिड सुरक्षा कार्य, 17 बांधों का ऊंचीकरण, 22 बांधों का सुदृढ़ीकरण, 188 ड्रेनों की सफाई और पांच फ्लड कंट्रोल गेटों के संचालन संबंधी कार्य पूरे किए जा चुके हैं। इन परियोजनाओं पर करीब 450 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

उन्होंने फील्ड अधिकारियों को मानसून के दौरान चौबीसों घंटे सतर्क रहने और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।