नई औद्योगिक नीति, सिंगल विंडो सिस्टम और मजबूत वैल्यू चेन का दिया भरोसा; निवेशकों को पंजाब में उद्योग लगाने का न्योता

नई दिल्ली/चंडीगढ़ (Naren Danu) : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भारत टेक्स-2026 के मंच से पंजाब को देश का सबसे आकर्षक टेक्सटाइल निवेश गंतव्य बताते हुए वैश्विक निवेशकों और उद्योगपतियों को राज्य में निवेश का खुला निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब में संपूर्ण टेक्सटाइल वैल्यू चेन, आधुनिक औद्योगिक ढांचा, पारदर्शी नीतियां और उद्योग-अनुकूल माहौल उपलब्ध है, जो निवेश के लिए आदर्श परिस्थितियां प्रदान करता है।

भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स-2026 के दौरान पंजाब स्टेट पवेलियन का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने नई पंजाब इंडस्ट्रियल एंड बिजनेस डेवलपमेंट पॉलिसी-2026 लागू की है, जिसके तहत निवेशकों को सिंगल विंडो और फास्टट्रैक सिस्टम के माध्यम से समयबद्ध मंजूरियां दी जा रही हैं।

चार साल में दो लाख करोड़ रुपये का निवेश

भगवंत मान ने दावा किया कि पिछले चार वर्षों में पंजाब ने दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित किया है और करीब पांच लाख रोजगार सृजित किए हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार उद्योगपतियों को भागीदार मानकर काम कर रही है और लालफीताशाही को समाप्त करने के लिए व्यापक सुधार किए गए हैं।

पूरी टेक्सटाइल वैल्यू चेन पंजाब में

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की सबसे बड़ी ताकत इसकी एकीकृत टेक्सटाइल वैल्यू चेन है। राज्य में कपास उत्पादन से लेकर स्पिनिंग, वीविंग, प्रोसेसिंग, गारमेंट निर्माण और निर्यात तक पूरी प्रक्रिया एक ही स्थान पर उपलब्ध है। इससे उत्पादन लागत कम होती है और उद्योगों को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलती है।

लुधियाना बना टेक्सटाइल की पहचान

मान ने कहा कि लुधियाना उत्तर भारत का सबसे बड़ा निटवियर और हौजरी क्लस्टर है। उन्होंने बताया कि देश के ऊनी निटवियर उत्पादन में लुधियाना की लगभग 90 प्रतिशत और हौजरी उत्पादन में करीब 65 प्रतिशत हिस्सेदारी है। राज्य में वर्धमान, नाहर, मोंटे कार्लो, स्पोर्टकिंग, गंगा एक्रोवूल, सनातन टेक्सटाइल्स, शिंगोरा और ऑक्टेव जैसी प्रमुख कंपनियां कार्यरत हैं।

निर्यात और नई तकनीक पर फोकस

मुख्यमंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 में पंजाब से 1.2 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का टेक्सटाइल निर्यात हुआ, जो भारत के कुल टेक्सटाइल निर्यात में लगभग चार प्रतिशत का योगदान है। राज्य सरकार अब टेक्निकल टेक्सटाइल, मेडिकल टेक्सटाइल, स्मार्ट फैब्रिक, स्पोर्ट्सवियर और सस्टेनेबल टेक्सटाइल जैसे उभरते क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दे रही है।

निवेशकों को दिया भरोसा

भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार बेहतर बुनियादी ढांचा, विश्वसनीय बिजली आपूर्ति, कौशल विकास, नवाचार और निर्यात प्रोत्साहन के जरिए उद्योगों को हरसंभव सहयोग दे रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब केवल उद्योग स्थापित करने की जगह नहीं, बल्कि दीर्घकालिक विकास और वैश्विक प्रतिस्पर्धा का मजबूत केंद्र बन रहा है।

उन्होंने उद्योग जगत, वैश्विक ब्रांडों, निवेशकों और टेक्नोलॉजी कंपनियों से पंजाब की विकास यात्रा का हिस्सा बनने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार उद्योगों के साथ मिलकर राज्य को देश का अग्रणी विनिर्माण और टेक्सटाइल हब बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।