पुंछ (Naren Danu) : जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकियों के एक ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद कर ठिकाने को ध्वस्त कर दिया।
अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई मंडी तहसील के सावजियां सेक्टर के गढ़ाह इलाके में विशेष खुफिया सूचना के आधार पर की गई। तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को छिपाकर रखा गया हथियारों का जखीरा मिला, जिसमें पिका राइफल के 246 कारतूस बरामद हुए।
बरामदगी के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे ठिकाने को नष्ट कर दिया और सभी गोला-बारूद को अपने कब्जे में ले लिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस ठिकाने का इस्तेमाल किन आतंकियों द्वारा किया जा रहा था तथा इसका नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा है।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार सीमावर्ती क्षेत्रों में आतंकियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा।