मध्य प्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत शुरू होगी सेवा, अब 3 घंटे 15 मिनट में पहुंचेगा यूएई

भोपाल (Naren Danu) : मध्य प्रदेश को वैश्विक हवाई संपर्क से जोड़ने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर से आबू धाबी के लिए प्रदेश की पहली सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान का शुभारंभ करेंगे। यह सेवा मध्य प्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत शुरू की जा रही है और इससे इंदौर सीधे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी आबू धाबी से जुड़ जाएगा।

यह उड़ान एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा संचालित की जाएगी और सप्ताह में चार दिन (सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार) उपलब्ध रहेगी। अब तक इस मार्ग पर यात्रियों को दिल्ली या मुंबई के जरिए यात्रा करनी पड़ती थी, जिसमें 7 से 8 घंटे का समय लगता था। नई सीधी उड़ान शुरू होने के बाद यह सफर लगभग 3 घंटे 15 मिनट में पूरा हो सकेगा।

राज्य सरकार का मानना है कि इस सेवा से मालवा-निमाड़ क्षेत्र के यात्रियों, कारोबारियों और प्रवासी भारतीयों को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यापार, निवेश, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।

नागरिक विमानन नीति से बढ़ रहा हवाई नेटवर्क

मध्य प्रदेश सरकार की नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत प्रदेश में हवाई संपर्क लगातार मजबूत किया जा रहा है। अब तक आठ नए हवाई मार्ग स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से चार पर उड़ान सेवाएं शुरू हो चुकी हैं, जबकि शेष मार्गों पर भी जल्द परिचालन शुरू होने की तैयारी है।

एविएशन सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा

सरकार ने नई नीति के तहत घरेलू हवाई मार्गों के लिए 10 लाख रुपये तक और अंतरराष्ट्रीय मार्गों के लिए 15 लाख रुपये तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) का प्रावधान किया है। इसके अलावा प्रदेश के हवाई अड्डों पर रातभर विमान खड़े करने पर एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) पर प्रभावी वैट दर एक प्रतिशत रखी गई है।

नीति में मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल (MRO) परियोजनाओं और एयर कार्गो सुविधाओं के लिए पूंजीगत सब्सिडी का भी प्रावधान किया गया है। वहीं, उड़ान प्रशिक्षण संस्थानों को सिमुलेटर स्थापित करने और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए भी वित्तीय सहायता दी जाएगी।

सरकार का कहना है कि इंदौर-आबू धाबी उड़ान शुरू होने से मध्य प्रदेश के लिए भविष्य में नए अंतरराष्ट्रीय और घरेलू हवाई मार्गों के विस्तार का रास्ता भी खुलेगा।