सीमा पार ड्रोन से हथियार मंगाने का आरोप, एक नाबालिग भी गिरफ्त में; पुलिस नेटवर्क की जांच में जुटी

अमृतसर (Naren Danu) : पंजाब में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर देहात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, AK-47 राइफल और दो अन्य आधुनिक हथियार बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि यह मॉड्यूल सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजे जा रहे हथियारों की खेप प्राप्त करने में शामिल था।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आकाशबीर सिंह उर्फ काशी निवासी भैणी राजपूतां, जोबन सिंह निवासी बलग्गण (दोनों अमृतसर) तथा एक नाबालिग के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार बरामद हथियारों में एक AK-47 राइफल, एक संशोधित एम-4 प्रकार का .30 बोर ऑटोमैटिक हथियार, एक विशेष रूप से संशोधित .30 बोर सेमी-ऑटोमैटिक हथियार तथा पांच मैगजीन शामिल हैं।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हथियारों के स्रोत और इनके संभावित इस्तेमाल के उद्देश्य का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की पहचान के लिए जांच जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अमृतसर देहात कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि थाना घरिंडा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपित सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से भेजे जा रहे अत्याधुनिक हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री प्राप्त करने वाले हैं। सूचना के आधार पर अटारी क्षेत्र के पास विशेष अभियान चलाकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी तथा अतिरिक्त बरामदगी होने की संभावना है।

इस संबंध में थाना घरिंडा में शस्त्र अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।