नेशनल वॉर मेमोरियल से द्रास तक 1,900 किमी की यात्रा, 28 राइडर्स शहीदों को देंगे श्रद्धांजलि

नई दिल्ली (Naren Danu) : कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित 13 दिवसीय ‘शौर्य विजय यात्रा’ मंगलवार को नई दिल्ली स्थित नेशनल वॉर मेमोरियल से शुरू हुई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा 26 जुलाई को लद्दाख के द्रास स्थित कारगिल वॉर मेमोरियल पर संपन्न होगी।

‘वन राइड, वन नेशन, वन सैल्यूट’ थीम पर आधारित इस अभियान में 28 राइडर्स लगभग 1,900 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। यात्रा के दौरान वे उत्तरी हिमालय के दुर्गम क्षेत्रों से गुजरते हुए विभिन्न सैन्य स्मारकों पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

रक्षा मंत्री ने इस अवसर पर कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि भारतीय जवानों ने विषम परिस्थितियों में अदम्य साहस, अनुशासन और देशभक्ति का परिचय देकर इतिहास रचा। उन्होंने कहा कि करीब 20 हजार फीट की ऊंचाई और माइनस 40 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान में भी सैनिकों ने दुश्मन के कब्जे से हर महत्वपूर्ण चोटी और बंकर वापस लेकर तिरंगे की आन-बान-शान कायम रखी।

राजनाथ सिंह ने परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा, लेफ्टिनेंट मनोज कुमार पांडे, सूबेदार मेजर (ऑनरेरी कैप्टन) योगेंद्र सिंह यादव (सेवानिवृत्त) और सूबेदार मेजर (ऑनरेरी कैप्टन) संजय कुमार (सेवानिवृत्त) सहित सभी कारगिल वीरों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।

यात्रा के दौरान राइडर्स चंडीमंदिर, रेजांगला और लेह वॉर मेमोरियल सहित कई सैन्य स्मारकों पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। साथ ही वे वीर नारियों से मुलाकात कर उनका सम्मान भी करेंगे।

इस अभियान की एक विशेष पहल के तहत नेशनल वॉर मेमोरियल की पवित्र मिट्टी से भरा एक कलश द्रास ले जाया जाएगा, जिसे कारगिल वॉर मेमोरियल पर शहीदों की स्मृति में समर्पित किया जाएगा। रक्षा मंत्री ने कहा कि यह देश की वर्तमान पीढ़ी की ओर से वीर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धांजलि का प्रतीक होगा।

कार्यक्रम में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि, सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट्स और सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। राजनाथ सिंह ने विश्वास जताया कि यह यात्रा विशेष रूप से युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को और मजबूत करेगी।