नई दिल्ली (Naren Danu) : दिल्ली दंगों के दौरान आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या मामले में अदालत द्वारा दोषसिद्धि के बाद भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा ने अदालत के फैसले को न्याय, कानून और संविधान की जीत बताते हुए कहा कि इस निर्णय से यह स्पष्ट हो गया है कि अंकित शर्मा की हत्या एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी।
भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि अदालत ने तत्कालीन आम आदमी पार्टी के पार्षद ताहिर हुसैन समेत जावेद, अनस, नाजिम और कासिम को दोषी ठहराया है। उनके अनुसार अदालत ने माना है कि आरोपितों ने साझा साजिश और उद्देश्य के तहत इस वारदात को अंजाम दिया।
गौरव भाटिया ने कहा कि घटना के समय अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री थे और ताहिर हुसैन उनकी पार्टी के निर्वाचित पार्षद थे। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने दंगों के सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था। भाजपा का दावा है कि अदालत का फैसला उसी प्रक्रिया का परिणाम है।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा ने कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। भाटिया ने आरोप लगाया कि नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लेकर विपक्ष ने लोगों के बीच भ्रम फैलाया। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से सवाल किया कि सीएए लागू होने के बाद कितने मुस्लिम नागरिकों की नागरिकता समाप्त हुई, और दावा किया कि इसका उत्तर "शून्य" है।
भाजपा प्रवक्ता ने आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान के उस बयान की भी आलोचना की, जिसमें उन्होंने अदालत के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया था। भाटिया ने कहा कि न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर निर्णय दिया है और इसका सम्मान किया जाना चाहिए।