नई दिल्ली (Naren Danu) : अमेरिकी संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई) के निदेशक काश पटेल की पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी से मुलाकात और पाकिस्तान की सराहना को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार से जवाब मांगा है। पार्टी का कहना है कि यह घटनाक्रम भारत के रणनीतिक हितों से जुड़ा है और सरकार को इस पर अपना स्पष्ट रुख सामने रखना चाहिए।
कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि हाल के समय में अमेरिका और पाकिस्तान के संबंध लगातार मजबूत होते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी नेतृत्व के कई वरिष्ठ अधिकारियों के बाद अब एफबीआई निदेशक द्वारा भी पाकिस्तान की सार्वजनिक सराहना की गई है।
जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय सक्रियता और उसे मिल रहा समर्थन भारत के लिए चिंता का विषय हो सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से पूछा कि इस बदलते घटनाक्रम पर उसकी क्या रणनीति है और क्या भारत के कूटनीतिक हितों की पर्याप्त सुरक्षा की जा रही है।
दरअसल, सोमवार को वॉशिंगटन स्थित एफबीआई मुख्यालय में एफबीआई निदेशक काश पटेल और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी के बीच बैठक हुई थी। बैठक में आतंकवाद के वित्तपोषण पर रोक, साइबर अपराध की जांच और सुरक्षा सहयोग को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान पटेल ने आतंकवाद के खिलाफ प्रयासों में पाकिस्तान के सहयोग की सराहना भी की।
हालांकि, इस मुद्दे पर केंद्र सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। कांग्रेस ने सरकार से इस विषय पर संसद और देश के सामने अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की है।