मंत्रालय ने कहा- आधिकारिक खाते का रूप धारण कर लोगों को किया जा रहा गुमराह, केवल सत्यापित अकाउंट ही करें फॉलो

नई दिल्ली (Naren Danu) : विदेश मंत्रालय ने 'MEA Bharat' (@MEABharat) नाम से संचालित एक सोशल मीडिया (एक्स) अकाउंट को फर्जी करार देते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मंत्रालय के फैक्ट चेक विभाग ने स्पष्ट किया कि इस अकाउंट का विदेश मंत्रालय से कोई संबंध नहीं है और यह मंत्रालय का रूप धारण कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है।

मंत्रालय ने कहा कि इस तरह के फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट जनहित को नुकसान पहुंचा सकते हैं, इसलिए नागरिक केवल आधिकारिक और सत्यापित सोशल मीडिया खातों व वेबसाइटों से ही जानकारी प्राप्त करें। मंत्रालय के अनुसार, संबंधित अकाउंट सितंबर 2023 में बनाया गया था और वर्ष 2024 के बाद से उस पर कोई नया अपडेट भी नहीं किया गया है।

विदेश मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी संस्था या मंत्रालय से जुड़ी जानकारी साझा करने या उस पर भरोसा करने से पहले संबंधित आधिकारिक स्रोत की पुष्टि अवश्य करें।