नई दिल्ली (Naren Danu) : जंतर-मंतर पर जारी अनशन के 16वें दिन पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। इस बीच सोशल मीडिया अभियान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरव दास ने उनकी बिगड़ती हालत पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से मामले में संवेदनशील रुख अपनाने की अपील की है।
सोमवार को आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी, विधायक कुलदीप कुमार और दिल्ली की पूर्व मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय भी प्रदर्शन स्थल पहुंचीं। उन्होंने छात्रों और आंदोलनकारियों से मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की लड़ाई में साथ रहने का भरोसा दिया।
सौरव दास ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि सोनम वांगचुक अपने निजी जीवन की सुविधा छोड़कर देश के युवाओं और भविष्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से आंदोलन के प्रति गंभीरता दिखाने और सरकार से सकारात्मक पहल करने की अपील की।
सीजेपी ने 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च को आंदोलन का महत्वपूर्ण चरण बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसमें शामिल होने का आह्वान किया है।
उल्लेखनीय है कि जंतर-मंतर पर छात्रों और सीजेपी का आंदोलन पिछले 23 दिनों से जारी है। आंदोलनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुधार की मांग कर रहे हैं।