चंडीगढ़ (Naren Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित पंजाब दौरे से पहले चंडीगढ़ और मोहाली में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। रविवार को कई स्कूलों और मोहाली मेयर कार्यालय को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल में 17 जुलाई को चंडीगढ़ और जालंधर में बम विस्फोट करने की धमकी दी गई है।
धमकी भरे संदेश में चंडीगढ़ और जालंधर रेलवे स्टेशन पर आईईडी विस्फोट करने की बात कही गई है। इसके अलावा केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को जान से मारने की धमकी देते हुए लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में शामिल नहीं होने की चेतावनी भी दी गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। स्कूलों, रेलवे स्टेशनों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है तथा ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में चंडीगढ़ और मोहाली के कई स्कूलों को इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं। हालांकि अधिकांश मामलों में जांच के बाद धमकियां फर्जी निकली थीं, फिर भी इस बार प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रही हैं।