गांधीनगर (Naren Danu) : कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी के निधन पर घोषित राष्ट्रीय शोक के चलते गुजरात के गांधीनगर स्थित नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी (एनएफएसयू) में सोमवार को होने वाले सभी प्रमुख कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। इनमें इंटरपोल डिजिटल फॉरेंसिक एक्सपर्ट ग्रुप (डीएफईजी) की 11वीं बैठक का उद्घाटन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में प्रस्तावित लोकार्पण समारोह भी शामिल है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार भारत सरकार ने 13 जुलाई को एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। इसके मद्देनजर अमित शाह, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी की उपस्थिति में होने वाले कार्यक्रमों को फिलहाल टाल दिया गया है। नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत विकसित एशिया की पहली साइबर फॉरेंसिक इन्वेस्टिगेशन वैन सहित पांच आधुनिक फॉरेंसिक परियोजनाओं का उद्घाटन होना था। इनमें वित्तीय अपराध जांच, मीडिया फॉरेंसिक और क्राइम सीन मैनेजमेंट से जुड़े अत्याधुनिक केंद्र भी शामिल थे।
एनएफएसयू प्रशासन ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर नहीं आने का अनुरोध किया है। उल्लेखनीय है कि कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी का 12 जुलाई को 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया था, जिसके सम्मान में भारत सरकार ने राष्ट्रीय शोक घोषित किया है।