झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत किया पौधरोपण

चंडीगढ़ (Naren Danu) : हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले राज्यभर में पांच दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को पंचकूला से अभियान का शुभारंभ करते हुए स्वयं श्रमदान किया, झाड़ू लगाई और लोगों से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने सेक्टर-20 की मुख्य मार्केट में सफाई अभियान चलाया और लोगों को कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने स्वयं कचरा एकत्र कर रेहड़ी में डाला। साथ ही 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।

पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से अपने घर, बाजार और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा कचरा प्रबंधन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि 13 से 17 जुलाई तक प्रदेशभर में प्रतिदिन स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मंत्री, सांसद, विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी भी विभिन्न स्थानों पर अभियान में हिस्सा लेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे देश की पहली 100 प्रतिशत हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के साथ राज्य की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण जरूरी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से जुड़ने और लगाए गए पौधों की देखभाल करने की अपील की। साथ ही कहा कि उन्होंने संकल्प लिया है कि जहां भी जाएंगे, वहां कम से कम 100 पौधे अवश्य लगाएंगे।