व्हाट्सऐप आधारित कार्यक्रम के जरिए 23 जिलों में अभिभावकों और 26 हजार से अधिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को जोड़ा गया

चंडीगढ़ (Naren Danu) : पंजाब सरकार ने प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए शुरू किए गए 'मिशन आरंभ' के तहत अब तक राज्य के 1.6 लाख से अधिक परिवारों तक पहुंच बनाई है। व्हाट्सऐप आधारित इस डिजिटल पहल के माध्यम से अभिभावकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को जोड़कर बच्चों की शुरुआती शिक्षा को घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है।

सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में संचालित इस कार्यक्रम को 'प्रथम' और 'रॉकेट लर्निंग' के सहयोग से लागू किया गया है। इसका उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों की शुरुआती शिक्षा में सक्रिय भागीदार बनाना और घर पर ही सीखने का बेहतर माहौल उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि 'मिशन आरंभ' का विस्तार राज्य के सभी 23 जिलों तक हो चुका है। कार्यक्रम से 26,209 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता जुड़े हैं, जिनमें करीब 70 प्रतिशत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय हैं। बेहतर प्रदर्शन करने वाली लगभग 35 प्रतिशत कार्यकर्ताओं को 'गोल्ड मेडल' और 'सुपरस्टार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता' के रूप में सम्मानित भी किया गया है।

कार्यक्रम के तहत अभिभावकों को हर सप्ताह गतिविधि कैलेंडर, रोजाना शिक्षण वीडियो, इंटरैक्टिव क्विज और आयु-उपयुक्त शिक्षण सामग्री व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजी जाती है। इससे बच्चों की भाषा, बौद्धिक, सामाजिक और भावनात्मक क्षमताओं के विकास में मदद मिल रही है। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और परिवारों के बीच नियमित संवाद भी मजबूत हुआ है।

डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि 'मिशन आरंभ' तकनीक और सामुदायिक सहभागिता के जरिए बच्चों की शुरुआती शिक्षा की मजबूत नींव तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।