चंडीगढ़ (Naren Danu) : चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के चलते 20 से 25 जुलाई तक कई ट्रेनों के प्लेटफॉर्म अस्थायी रूप से बदल दिए जाएंगे। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन का प्लेटफॉर्म नंबर अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशन पर आधुनिक एयर कॉनकोर्स के निर्माण का काम जारी है। इसी के तहत प्रतिदिन सुबह 10:10 बजे से दोपहर 2:10 बजे तक परिचालन ब्लॉक लिया जाएगा। इस अवधि में कुछ प्लेटफॉर्मों पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा और कई ट्रेनों को वैकल्पिक प्लेटफॉर्म से चलाया जाएगा।
नई व्यवस्था के अनुसार चंडीगढ़-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस (12046) अब प्लेटफॉर्म-6 के बजाय प्लेटफॉर्म-2 से रवाना होगी। अंबाला-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (14542) प्लेटफॉर्म-2 की जगह प्लेटफॉर्म-1 से चलेगी। सहरसा-अमृतसर जनसाधारण एक्सप्रेस (15531) प्लेटफॉर्म-3 के स्थान पर प्लेटफॉर्म-1 पर पहुंचेगी। वहीं जनशताब्दी एक्सप्रेस (12058) और कालका-दिल्ली एक्सप्रेस (14332) का संचालन प्लेटफॉर्म-2 के बजाय प्लेटफॉर्म-3 से किया जाएगा।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे निर्धारित समय से कम से कम 30 से 40 मिनट पहले स्टेशन पहुंचें और रेलवे हेल्पलाइन 139, एनटीईएस (NTES) ऐप या स्टेशन के डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से अपनी ट्रेन का अपडेटेड प्लेटफॉर्म नंबर जरूर देख लें।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि स्टेशन का पुनर्विकास कार्य पूरा होने के बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। एयर कॉनकोर्स बनने से यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम होगी और स्टेशन पर ट्रेनों के संचालन की क्षमता भी बेहतर होगी।