भिवानी (Naren Danu) : भिवानी के नवनिर्मित पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से करेंगे। इसी अवसर पर जींद से देश की पहली 100 प्रतिशत हाइड्रोजन ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी। मेडिकल कॉलेज उद्घाटन समारोह को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए लोगों से इलेक्ट्रिक वाहनों या पैदल कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की अपील की गई है।
रविवार को पत्रकारों से बातचीत में सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभी जिला मुख्यालयों पर किया जाएगा। भिवानी में मेडिकल कॉलेज परिसर और नारनौल के कोरियावास स्थित मेडिकल कॉलेज में उद्घाटन समारोह आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
सांसद ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन आधुनिक परिवहन के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में एक अहम पहल है। उन्होंने बताया कि भिवानी में आयोजित समारोह में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए अधिक से अधिक लोगों को इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करने या पैदल पहुंचने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम 17 जुलाई को सुबह 9 बजे शुरू होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक जिला मुख्यालय पर मेडिकल कॉलेज स्थापित कर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है। नए मेडिकल कॉलेज शुरू होने से डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और लोगों को अपने जिले में ही बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी। आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था भी चरणबद्ध तरीके से की जा रही है।
सांसद ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से भी चर्चा की जाएगी, ताकि कॉलेज जल्द पूर्ण क्षमता के साथ कार्य शुरू कर सके।